कॉजपा के दीपके ने नासिक के आदिवासी छात्रों से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की

Ads

कॉजपा के दीपके ने नासिक के आदिवासी छात्रों से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 12:07 AM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 12:07 AM IST

मुंबई, तीन सितंबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को नासिक में प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्रों से उनकी सेहत को देखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। हालांकि, उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उन्हें अपना संघर्ष जारी रखना चाहिए।

दीपके ने नासिक में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की और कहा कि आदिवासी छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन और शिक्षा में असमानता “पूरी तरह अस्वीकार्य” है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नासिक में उन आदिवासी छात्रों से मुलाकात की, जो 12 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, भोजन और शिक्षा में भारी असमानता पूरी तरह अस्वीकार्य है। इसी वजह से दो वर्षों के भीतर 590 आदिवासी छात्रों की मौत हुई।”

दीपके ने कहा, “मैंने उनसे उनकी सेहत को देखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की, लेकिन उन्हें अपनी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखना चाहिए। जरूरत पड़ने पर हम सभी मिलकर मुंबई तक मार्च करेंगे।”

महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से आए 100 से अधिक आदिवासी छात्र नासिक के ईदगाह मैदान में प्रदर्शन में शामिल हैं। इनमें से तीन छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

भाषा तान्या रंजन

रंजन