बीजद-जद (एस) ‘कांग्रेस सरकार की नाकामी’ के ख़िलाफ़ एक से दस सितंबर तक पदयात्रा निकालेंगे

बीजद-जद (एस) 'कांग्रेस सरकार की नाकामी' के ख़िलाफ़ एक से दस सितंबर तक पदयात्रा निकालेंगे

बीजद-जद (एस) ‘कांग्रेस सरकार की नाकामी’ के ख़िलाफ़ एक से दस सितंबर तक पदयात्रा निकालेंगे
Modified Date: August 25, 2026 / 03:48 pm IST
Published Date: August 25, 2026 3:48 pm IST

बेंगलुरु, 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने मंगलवार को बताया कि राज्य में कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करने के लिए पार्टी एक से 10 सितंबर तक रायचूर से बल्लारी तक 10 दिवसीय पदयात्रा निकालेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य मंत्रिमंडल में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे बी नागेंद्र को शामिल किए जाने के अलावा किसानों की बदहाली, बेरोजगारी, आरक्षण के मुद्दों और भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोपों को भी उठाएगी।

विजयेंद्र ने कहा कि करीब 200 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा एक सितंबर को रायचूर से शुरू होगी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी इसका उद्घाटन करेंगे। पदयात्रा का समापन बल्लारी में होगा।

उन्होंने कहा कि जद(एस) भाजपा के नेतृत्व में होने वाली इस पदयात्रा को “पूरा समर्थन” देगी और उसके नेताओं के उद्घाटन तथा समापन कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है।

विजयेंद्र ने कहा, “इस पदयात्रा का उद्देश्य इस जनविरोधी, गरीब-विरोधी, किसान-विरोधी, युवा-विरोधी और विकास-विरोधी कांग्रेस सरकार के असली रंग को उजागर करना तथा राज्य के लोगों को जागरूक करना है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक राज्य महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम घोटाले में कथित भूमिका को लेकर नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी पदयात्रा के दौरान उठाएगी।

उन्होंने कहा, “हमने भ्रष्ट मंत्री नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग से शुरुआत करते हुए इन सभी मुद्दों को उठाने का फैसला किया है।”

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार सूखे से प्रभावित किसानों की बदहाली दूर करने में विफल रही है और राज्य में करीब 2.5 लाख पद खाली हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वृद्धावस्था पेंशन, संध्या सुरक्षा लाभ, गरीबों के लिए आवास और गंगा कल्याण योजनाओं को ठीक से लागू नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने हाल में विधानसभा सत्र की अवधि कम किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की आलोचना की और आरोप लगाया कि सरकार ने महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए ऐसा किया।

उन्होंने कहा, “अगर इन सभी मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा होती तो इस कांग्रेस सरकार का मुखौटा उतर जाता।”

विजयेंद्र ने शिवकुमार पर शासन और विकास के बजाय रियल एस्टेट से जुड़ी परियोजनाओं पर ध्यान देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने प्रस्तावित बिदादी टाउनशिप परियोजना, उनके गृह नगर कनकपुरा में हवाई अड्डे और सरकार द्वारा नाइस परियोजना अपने हाथ में लेने के कदम का हवाला देते हुए आरोप लगाया, “कुल मिलाकर, शिवकुमार की दिलचस्पी रियल एस्टेट के इर्द-गिर्द घूमती है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण को लेकर “खेल खेल रही है” और ओबीसी आरक्षण पर स्पष्ट रुख अपनाने में विफल रही है।

उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने वाल्मीकि समुदाय के लिए आरक्षण तीन प्रतिशत से बढ़ाकर सात प्रतिशत किया था।

विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा पदयात्रा के दौरान उत्तर कर्नाटक और सिंचाई परियोजनाओं के मुद्दे भी उठाएगी।

शिकारिपुरा के विधायक ने कहा कि भाजपा ने “भ्रष्टाचार में डूबी इस कांग्रेस सरकार को सड़कों पर लाकर बेनकाब करने” का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री और जद(एस) नेता एच डी कुमारस्वामी ने उन्हें कार्यक्रम के लिए समर्थन का आश्वासन दिया है।

विजयेंद्र ने कहा, “जद(एस) हमारी पदयात्रा को पूरा समर्थन दे रही है। वे उद्घाटन के साथ-साथ समापन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।”

विपक्ष कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में कथित 89 करोड़ रुपये की अनियमितताओं को लेकर नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग कर रहा है।

नागेंद्र को हटाने की मांग को लेकर दोनों सदनों में भाजपा के विरोध के कारण विधानसभा सत्र तीन दिन पहले ही स्थगित करना पड़ा था। दोनों सदनों को 27 अगस्त तक चलने के बजाय विपक्ष के हंगामे के कारण सोमवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में