भुवनेश्वर, 28 फरवरी (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. संतृप्त मिश्रा और चिकित्सक दत्तेश्वर होता को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए शनिवार को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया।
पटनायक ने पार्टी विधायकों से चर्चा करने के बाद यह घोषणा की।
बीजद के प्रमुख पटनायक ने कहा, ‘‘अगले महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए हमारी पार्टी ने दो उम्मीदवार घोषित करने का फैसला किया है। पहले उम्मीदवार डॉ. संतृप्त मिश्रा हैं, जो हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। दूसरे उम्मीदवार ओडिशा के जाने-माने चिकित्सक दत्तेश्वर होता हैं।’’
पटनायक ने कहा कि डॉ. होता ओडिशा स्वास्थ्य विश्वविद्यालय के पहले कुलपति हैं और उन्होंने कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य के रूप में भी कार्य किया है।
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक ने कहा, ‘‘मैं सभी दलों से डॉ. होता का समर्थन करने और उन्हें राज्यसभा भेजने की अपील करता हूं।’’
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि उन्हें दोनों उम्मीदवारों की जीत की उम्मीद है।
भाषा रवि कांत रवि कांत अमित
अमित