Israel-Iran War Update: इजरायली हमले में ईरानी रक्षा मंत्री के मारे जाने की खबर, IRGC कमांडर को भी ढेर करने का दावा, जानें कैसे है ताजा हालात?

Ads

Iranian Defense Minister reportedly killed in Israeli attack

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 08:29 PM IST

नई दिल्लीः Israel-Iran War Update: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद मिडिल ईस्ट एक बार फिर गंभीर युद्ध संकट की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल और खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमले किए। इस बीच अब खबर आई है कि इजराइली हमले मे ईरानी रक्षामंत्री अमीर नासिरजादेह और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हो गई। यह दावा न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों से हवाले की है।

युद्ध के माहौल को देखते हुए एयर इंडिया ने बड़ा कदम उठाया है। सुरक्षा कारणों से कंपनी ने दुबई, दोहा, रियाद और तेल अवीव समेत पूरे मिडिल ईस्ट की अपनी सभी उड़ानें तत्काल प्रभाव से रोक दी हैं। इसके अलावा तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 को बीच रास्ते से ही भारत लौटना पड़ा। एयर इंडिया ने एडवाइजरी में स्पष्ट किया है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विदेश मंत्रालय ने कही ये बात

युद्ध जैसे हालात पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल की घटनाओं से भारत बहुत चिंतित है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव बढ़ने से बचने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं। तनाव कम करने और अंदरूनी मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। इस क्षेत्र में हमारे मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्हें सतर्क रहने, मिशन के संपर्क में रहने और स्थानीय सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन करने के लिए सही सलाह जारी की है।

इजरायल में रह रहे भारतीयों को सावधानी बरतने की सलाह

इधर भारत सरकार ने इस रीजन में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। इजरायल की राजधानी तेल अवीव में स्थित भारतीय एंबेसी ने इजरायल में रह रहे भारतीयों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेहरान में मौजूद इंडियन एंबेसी ने भी ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में सभी भारतीय नागरिकों को शेल्टर के पास रहने की सलाह दी गई। रिहायशी या काम करने वाले इलाकों में सुरक्षित स्थानों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए कहा गया है। अगली सूचना आने तक इजराइल के अंदर गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है।

ईरान के लिए भी एडवाइजरी जारी

ईरान में स्थित भारतीय एंबेसी ने भी X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए एडवाइजरी की जानकारी दी। पोस्ट में कहा गया कि बदलते हालात को देखते हुए, ईरान में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें। साथ ही गैर-जरूरी मूवमेंट से बचें और जितना हो सके घर के अंदर रहें। सभी भारतीय लोकल खबरों पर नजर बनाए रखें। मौजूदा हालात बारे में जानकारी रखें और एंबेसी की ओर से आने वाली आगे की गाइडेंस का इंतजार करें। एंबेसी की इमरजेंसी कॉन्टैक्ट डिटेल्स भी दी है।

यह भी पढ़ेः-