भुवनेश्वर, 25 मई (भाषा) ओडिशा के मुख्य विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चार बार की गई बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को सड़कों पर प्रदर्शन किया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर पश्चिम एशिया संकट का ‘बहाना’ बनाकर जनता का ‘शोषण’ करने का आरोप लगाया।
बीजद की युवा, छात्र और महिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने यहां मास्टर कैंटीन चौक पर धरना दिया और भाजपा सरकार का पुतला फूंका।
इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा, पूर्व मंत्री संजय कुमार दास बर्मा और भुवनेश्वर जिला अध्यक्ष अशोक चंद्र पांडा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
नेताओं ने आरोप लगाया कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आवश्यक वस्तुओं की लागत पर पड़ रहा है, जिससे मध्यम वर्ग, किसान और मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
भाषा
सुमित सुरेश
सुरेश