कुमारगंज (पश्चिम बंगाल), 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कुमारगंज विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार के साथ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने मारपीट की।
भाजपा के एक स्थानीय नेता ने बताया कि मतदान केंद्र के पास टीएमसी समर्थकों द्वारा कथित तौर पर हंगामा किये जाने की सूचना मिलने के बाद जब सरकार मौके पर जा रहे थे तभी उन्हें पीटा गया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के उम्मीदवार पर उस समय हमला किया गया, जब वह मतदान केंद्र की ओर जा रहे थे। संबंधित मतदान केंद्र एक स्कूल परिसर में बनाया गया है।
शुभेंदु सरकार को जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा, उनके साथ महज एक सुरक्षाकर्मी था।
बाद में, उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें गुंडों ने घेर लिया और मारपीट की।
उन्होंने बताया, ‘‘घटना के समय मुझे वहां केंद्रीय बल का कोई भी जवान नजर नहीं आया।’’
केंद्रीय राज्य मंत्री और बालुरघाट से सांसद सुकांत मजूमदार ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने दावा किया, ‘‘राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद घटना के जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाएगा।’’
उत्तर बंगाल का कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान जारी है।
भाषा
प्रचेता खारी
खारी