ओडिशा में कारोबारी की हत्या: परिवार के दो सदस्य और सात अन्य गिरफ्तार

Ads

ओडिशा में कारोबारी की हत्या: परिवार के दो सदस्य और सात अन्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 09:14 PM IST

ब्रह्मपुर, 23 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में पुलिस ने एक रियल एस्टेट कारोबारी के अपहरण और हत्या में संलिप्तता के आरोप में बृहस्पतिवार को परिवार के ही दो सदस्यों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने सोराडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत केटामणि पहाड़ी से सड़ी-गली हालत में शव बरामद किया था, जिसकी पहचान गोपालपुर के समीप सत्यनारायणपुर निवासी सुधीर कुमार पात्रा (47) के रूप में हुई। शव बरामद होने के एक दिन बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) नीति शेखर ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में मृतक के करीबी रिश्तेदार निबेदिता पात्रा (23) और तुषार पात्रा (19) शामिल हैं। वे फिरौती के लिए अपहरण, आपराधिक साजिश रचने, जबरन वसूली, सबूत नष्ट करने और हत्या से जुड़े इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी हैं।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक और उसके भाई के परिवारों के बीच संपत्ति विवाद हत्या का मुख्य कारण था।

आईजीपी ने बताया कि पिछले साल जून में सुधीर के भाई की मौत के बाद विवाद शुरू हुआ। अपने भाई के साथ मिलकर मुख्य आरोपी निबेदिता ने भाड़े के हत्यारों को सुधीर की हत्या करने का काम सौंपा।

उन्होंने बताया कि निबेदिता के एक मित्र कालू चरण प्रधान (28) ने भाड़े के हत्यारों को खोजने में उसकी मदद की।

पुलिस ने बताया कि 15 अप्रैल की शाम घर लौटते समय सुधीर को कथित तौर पर अगवा कर लिया गया था।

पुलिस अधीक्षक शुभेंदु पात्रा ने बताया कि वे सुधीर को मथुरा के पास पोलासारा ले गए और फिर दूसरे वाहन से उसे रामापाड़ा जंगल ले गए। इस दौरान सुधीर के साथ बेरहमी से मारपीट की गयी।

पात्रा के अनुसार मारपीट का वीडियो उसकी पत्नी को भेजा गया था और उससे दो करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई थी।

पुलिस ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण सुधीर की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद अपहरणकर्ताओं ने शव को कार केटामणि पहाड़ी के पास फेंक दिया और फरार हो गए।

भाषा यासिर अविनाश

अविनाश