भाजपा ओबीसी की मदद का दावा करती है, असलियत में उन्हें कुछ नहीं दिया : राहुल

Ads

भाजपा ओबीसी की मदद का दावा करती है, असलियत में उन्हें कुछ नहीं दिया : राहुल

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 08:51 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 08:51 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) की मददगार होने का दावा करती है, लेकिन असलियत में उसकी सरकार ने इस वर्ग को कुछ नहीं दिया।

राहुल ने पार्टी के ओबीसी विभाग महिला सदस्यों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भारत अमेरिका व्यापार समझौते का उल्लेख करते हुए यह आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरी तरह समझौता कर चुके हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘भाजपा कहती है कि वो ओबीसी की मदद करती है, लेकिन असलियत में उनकी सरकार ने पिछड़े वर्ग को कुछ नहीं दिया। इसलिए आपको (ओबीसी) मिलकर काम करना है और संगठित होकर अपनी आवाज उठानी है।’

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘नरेन्द्र मोदी ब्लैकमेल हो रहे हैं, इसलिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगे सरेंडर कर चुके हैं।’

राहुल गांधी ने दावा किया कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को संसद में पश्चिम एशिया की स्थिति पर दिए वक्तव्य में ईरान शब्द का जिक्र तक नहीं किया।

जयशंकर ने सोमवार को संसद में कहा कि भारत पश्चिम एशिया संकट के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का पक्षधर है तथा भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि ईरान आग्रह पर ईरानी पोत को कोच्चि में खड़ा करने की अनुमति दी गई।

भाषा हक नरेश रंजन

रंजन