नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) कांग्रेस ने अपने कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी को जन्मदिन पर भगवान परशुराम के रूप में प्रदर्शित करने को लेकर भाजपा के हमले पर पलटवार करते हुए शुक्रवार को कहा कि भगवान परशुराम पर सत्तारूढ़ पार्टी का कोई पेटेंट नहीं है और ‘‘नाथूराम को मानने वालों’’ को पहले राम मंदिर में चढ़ावे की ‘‘चोरी’’ पर जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज कुछ लोग राहुल जी को आंबेडकर जी की तरह पेश कर रहे हैं, कुछ लोग उन्हें बिरसा मुंडा की तरह पेश कर रहे हैं और कुछ लोग परशुराम जी की तरह पेश कर रहे हैं। मैं होता तो यह कहता कि राहुल गांधी को राहुल गांधी ही रहने देते हैं, क्योंकि उनकी अपनी व्यक्तिगत पहचान, योग्यता और सामूहिक लड़ाई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन भाजपा का क्या, वह तीन में न तेरह में। भाजपा कौन होती है, इस पर सवाल पूछने वाली?’’
कन्हैया कुमार ने सवाल किया कि क्या परशुराम जी या राम जी पर उसका पेटेंट है?
इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर उन्हें भगवान परशुराम के रूप में प्रदर्शित कर हिंदू धर्म का अपमान किया है।
वाराणसी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 56वां जन्म दिन, गंगा नदी में उनकी तस्वीर पर दूध चढ़ाने सहित प्रतीकात्मक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया।
कन्हैया कुमार ने सत्तारूढ़ पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘भाजपा के लोग नाथूराम का फोटो लगाएं…नाथूराम को मानने वालों ने प्रभु श्रीराम (मंदिर) का चंदा चुराया। पहले इसका जवाब दें, इधर-उधर की बात नहीं करे।’’
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘कल तो भाजपा भगवान के नामों पर बच्चों का नाम रखने पर रोक लगा देगी। मेरे मां-बाप पर मुकदमा कर देगी कि मेरा नाम कन्हैया क्यों है? देखिए हिंदू होने और संघी होने में फर्क होता है। जो संघी हैं, वो भाजपा में हैं।’’
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप