पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार देश के बाकी हिस्सों की तरह ही होगी: केसी वेणुगोपाल

Ads

पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार देश के बाकी हिस्सों की तरह ही होगी: केसी वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 12:13 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 12:13 AM IST

कोलकाता, 30 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल में भी भाजपा सरकार उन अन्य राज्यों से किसी भी तरह अलग नहीं होगी, जहां वह सत्ता में है। भाजपा यहां भी उतनी ही ‘आक्रामक’ होगी। कांग्रेस नेता के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को यह बात कही।

उन्होंने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने और गरीबों को निशाना बनाने का भी आरोप लगाया।

कोलकाता में दो-दिवसीय संगठनात्मक समीक्षा बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव (संगठन) ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान में विश्वास नहीं करती और आम लोगों की आजीविका को बर्बाद करने पर तुली हुई है।

उन्होंने कहा, “वे संविधान में विश्वास नहीं करते। वे आम लोगों की आजीविका खत्म करना चाहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने फेरीवालों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी रहेगी और भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।”

वेणुगोपाल विधानसभा चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा के लिए कोलकाता पहुंचे थे।

सोमवार को उन्होंने राज्य के जिला कांग्रेस अध्यक्षों और एआईसीसी सदस्यों से मुलाकात की, जबकि मंगलवार की बैठक में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी कांग्रेस उम्मीदवार शामिल हुए।

बैठकों में एआईसीसी कार्य समिति की सदस्य दीपा दासमुंशी, पश्चिम बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर और पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शुभंकर सरकार भी मौजूद रहे।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश