कोझिकोड, 10 अगस्त (भाषा) केरल के परिवहन मंत्री सी. पी. जॉन ने सोमवार को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रदेश सरकार को ‘परेशान’ करने का आरोप लगाया और कहा कि सभी को ऐसी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
जॉन ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ एक सुंदर गीत है, लेकिन इसमें ‘भक्ति’ या प्रार्थना गीत के तत्व भी हैं।
उन्होंने कहा कि भक्ति गीतों में कुछ भी गलत नहीं है और नास्तिकों समेत कई लोग भी इन्हें पसंद करते हैं लेकिन एक धर्मनिरपेक्ष राज्य में किसी विशेष धर्म से जुड़ी बातों का गायन करना उचित नहीं होगा।
मंत्री ने कहा, ‘‘हमें भक्ति गीतों से कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन एक धर्मनिरपेक्ष राज्य में किसी विशेष धर्म से जुड़ी बातें गाना गलत है। इसलिए नेहरू (देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू) के समय में राष्ट्रगीत का गायन कुछ चुनिंदा अंतरों तक सीमित रखा गया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन भाजपा यह कहकर इस मुद्दे को तूल दे रही है कि इसे पूरा गाया जाना चाहिए और इसके पूर्ण गायन की व्यवस्था की जा रही है। ऐसी स्थिति में हमें इसके प्रति अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। यह मेरा मत है।’’
वह छह अगस्त को केरल के मुख्य सचिव विश्वनाथ सिन्हा द्वारा जारी पत्र के संबंध में संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे।
पत्र के मुताबिक, ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ अभियान के 2026 के संस्करण को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे तीसरे चरण के कार्यक्रम के साथ जोड़ा गया है।
इस कार्यक्रम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय कार्यान्वयन समिति ने मंजूरी दी है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश