नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा में कहा कि लक्ष्मी योजना, दिल्ली सरकार की अब तक की सबसे बड़ी वित्तीय सहायता योजना है।
योजना के संबंध में धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए गुप्ता ने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य 17 लाख लाभार्थियों का है और जब तक यह हासिल नहीं हो जाता, योजना के तहत पंजीकरण प्रक्रिया नहीं रुकेगी।
गुप्ता ने कहा, ‘‘दिल्ली लक्ष्मी योजना सरकार की सबसे बड़ी योजना है, चाहे 15 साल की सरकार (कांग्रेस) हो या 11 साल की सरकार (‘आप’), किसी ने यह नहीं किया। (भाजपा) सरकार ने दिल्ली की महिलाओं के लिए ऐसा करने का संकल्प लिया है।’’
उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने के केवल 10 दिन में इसके तहत लगभग 5.92 लाख पंजीकरण हो चुके हैं और “हमारा लक्ष्य 17 लाख ऐसी महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने का है, जो वास्तव में हकदार हैं। जब तक हम उस आंकड़े तक नहीं पहुंच जाते तब तक पंजीकरण बंद नहीं करेंगे।”
दिल्ली लक्ष्मी योजना एक अगस्त को शुरू की गई थी। योजना की पहली किस्त रक्षा बंधन के त्योहार के आसपास जारी होने की संभावना है, जो 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने आवेदन प्रक्रिया और योजना की पात्रता मानदंड पर सवाल उठाया है, जिसमें 10 साल तक दिल्ली निवासी होना और स्थानीय सांसद या विधायक की सिफारिश भी शामिल है।
भाषा नोमान
नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल