दिल्ली पुलिस ने 4.75 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने 4.75 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 05:06 PM IST

नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के बहाने राष्ट्रीय राजधानी निवासी से 4.75 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में 33 वर्षीय एक व्यक्ति को ओडिशा में गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान भुवनेश्वर निवासी सुब्रत कुमार साहू के रूप में हुई है, जिसे तकनीकी और वित्तीय जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को सोशल मीडिया पर एक समूह में जोड़ा गया था, जहां आरोपी और उसके साथियों ने खुद को शेयर बाजार विशेषज्ञ के रूप में पेश किया और मोटे मुनाफे का वादा करके उसे पैसा निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि ठगों ने शुरू में उसका विश्वास हासिल करने के लिए एक निवेश मंच पर नकली मुनाफा दिखाया, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन माध्यम से 4.75 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए।

पीड़ित ने जब कथित लाभ वापस लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने प्रक्रिया और निकासी शुल्क के रूप में 12 लाख रुपये की मांग की। तब पीड़ित को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है और उसने पुलिस से संपर्क किया।

मीणा ने कहा कि जांच से पता चला कि ठगी गई राशि का लगभग 3.75 लाख रुपये एक कॉर्पोरेट बैंक खाते में स्थानांतरित किया गया था, जो साहू और एक अन्य आरोपी से जुड़ा है।

उन्होंने बताया कि खाते में दो महीनों में लगभग 2.97 करोड़ रुपये आए और यह पूरे भारत में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की 17 शिकायतों से जुड़ा है।

पुलिस ने कहा कि साहू ने कथित तौर पर संदिग्ध लेन-देन की सुविधा के लिए कॉर्पोरेट और बचत खातों सहित लगभग सात बैंक खातों की व्यवस्था की थी। मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप