देश में प्रश्न पत्र लीक रोधी कानून लाने वाली पहली सरकार भाजपा : केरल भाजपा अध्यक्ष
देश में प्रश्न पत्र लीक रोधी कानून लाने वाली पहली सरकार भाजपा : केरल भाजपा अध्यक्ष
तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है, जिसने प्रश्न पत्र लीक रोकने के लिए कानून बनाया।
नेमोम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चंद्रशेखर ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार ने ही सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 बनाया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने यह भी दावा किया कि वह उस मंत्री समूह का हिस्सा थे, जिसने इस कानून का मसौदा तैयार किया था इसलिए वह 2014 से देश के युवाओं के लिए मोदी सरकार की ओर से किए गए कामों और पहलों से अच्छी तरह अवगत हैं।
उन्होंने कहा, ‘इसलिए इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ फैलाए जा रहे झूठे प्रचार को खारिज करना चाहिए। नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्ष में युवाओं के लिए जो काम किए हैं, वे भारत के इतिहास में पहले कभी नहीं किए गए।’
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब नीट समेत राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


