भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘गद्दार’ कहने के लिए राहुल गांधी पर तीखा हमला किया

Ads

भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘गद्दार’ कहने के लिए राहुल गांधी पर तीखा हमला किया

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 04:57 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 04:57 PM IST

नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ‘‘गद्दार’’ संबंधी टिप्पणी के लिए राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता के शब्द उनकी अराजक सोच और चरित्र को दर्शाते हैं।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि गांधी की टिप्पणी देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है और उन्होंने उनसे माफी मांगने की मांग की।

यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब राहुल गांधी ने बुधवार को अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना करते हुए उन्हें ‘‘गद्दार’’ कहा।

गांधी की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नवीन ने कहा, ‘‘उन्होंने जिस तरह का बयान दिया है, वह स्पष्ट रूप से उनकी अराजकतावादी सोच और चरित्र को दर्शाता है। ये टिप्पणियां चुनावों में अपनी पार्टी की हार के कारण उनकी हताशा और निराशा को भी दर्शाती हैं।’’

भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘‘मुझे यह भी लगता है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है।’’

उन्होंने गांधी की टिप्पणियों को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया और कहा कि ये देश की 140 करोड़ जनता का अपमान हैं। नवीन ने पूछा, ‘‘जिस व्यक्ति ने आतंकी घटनाओं पर अंकुश लगाया, नक्सलवाद का अंत किया, तिरंगे का सम्मान बढ़ाया, ऐसे व्यक्ति के लिए आप इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करेंगे?’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने गांधी का एक वीडियो साझा किया, जिसमें कांग्रेस नेता को एक जनसभा में उपस्थित लोगों से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों को बताएं कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह ‘‘गद्दार’’ हैं, जिन्होंने ‘‘देश को बेच दिया है’’ और संविधान व राष्ट्रीय प्रतीकों पर हमला किया है।

वीडियो में गांधी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘आपको खड़ा होना होगा और लड़ना होगा। जब आरएसएस कार्यकर्ता आपके घरों में आकर मोदी और शाह के बारे में बात करें, तो आपको उन्हें बताना होगा कि उनका संगठन, मोदी और शाह गद्दार हैं। उन्होंने हमारे देश को बेचने की कोशिश की है और हमारे संविधान, आंबेडकरजी और महात्मा गांधी पर हमला किया है।’’

भंडारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट एक वीडियो में कहा कि गांधी की टिप्पणियां ‘‘अर्बन नक्सल’’ की सोच को दर्शाती हैं और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता देश के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने 140 करोड़ भारतीयों को गद्दार कहा है। इससे साफ पता चलता है कि उनका नियंत्रण भारत विरोधी ताकतों के हाथ में है।’’

भंडारी ने आरोप लगाया कि गांधी इसलिए नाराज हैं क्योंकि मोदी के नेतृत्व में भारत एकजुट है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया, ‘‘उनकी भाषा ‘अर्बन नक्सल’ की है जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की एकजुटता से चिढे़ हुए और नाराज हैं। राहुल गांधी अतीत में कह चुके हैं कि वह भारतीय राष्ट्र से लड़ना चाहते हैं।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी की भाषा ‘‘पाकिस्तान के आतंकवादियों’’ द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली भाषा से मिलती-जुलती है और उन पर ‘‘भारत-विरोधी ताकतों’’ के एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया।

भंडारी ने कहा, ‘‘चाहे राहुल गांधी हों या पाकिस्तान के आतंकी, दोनों की भाषा एक जैसी है क्योंकि राहुल गांधी भारत में भारत-विरोधी ताकतों का एजेंडा पूरा कर रहे हैं।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान स्थित आतंकी हाफिज सईद ने अतीत में भारत में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के लिए समर्थन व्यक्त किया था।

भंडारी ने कहा, ‘‘उनका (गांधी का) बयान भारतीय लोकतंत्र और भारतीय राष्ट्र का अपमान है और यह साबित करता है कि वह एक हाशिए के नेता से ज्यादा कुछ नहीं हैं।’’

भाषा आशीष नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार