रास में भाजपा सदस्य बाबूराम निषाद ने महोबा में एम्स स्थापित करने की मांग की

Ads

रास में भाजपा सदस्य बाबूराम निषाद ने महोबा में एम्स स्थापित करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 09:51 PM IST

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) राज्यसभा में बुधवार को भाजपा सदस्य बाबूराम निषाद ने महोबा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना किए जाने की मांग की, ताकि उस क्षेत्र में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सके।

भाजपा सांसद ने विशेष उललेख के जरिये यह मांग की और कहा कि क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को इलाज के लिए लखनऊ या दिल्ली आदि की यात्रा करनी पड़ती है।

निषाद ने कहा कि महोबा बुंदेलखंड क्षेत्र का एक प्रमुख स्थान है और अगर वहां एम्स जैसा संस्थान स्थापित हो जाता है, तो उत्तर प्रदेश के हमीरपुर, बांदा, ललितपुर आदि क्षेत्रों के साथ ही मध्यप्रदेश के कई जिलों के लोगों को भी बेहतर इलाज मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि यह बुंदेलखंड के लोगों के लिए एक बड़ा वरदान होगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान से लगभग दो करोड़ लोगों को लाभ मिल सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में झांसी मेडिकल कॉलेज पर बहुत बोझ है।

विशेष उल्लेख के जरिये ही भाजपा की कविता पाटीदार ने मध्यप्रदेश में गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर नर्मदा रिवरफ्रंट बनाने की मांग की।

आम आदमी पार्टी (आप) की स्वाति मालीवाल ने देशभर में बुजुर्गों के लिए सम्मानजनक पेंशन की मांग की और कहा कि वर्तमान में बुजुर्गों को दी जाने वाली पेंशन की राशि विभिन्न राज्यों में अलग-अलग है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में तो पेंशन राशि बहुत ही कम है।

मालीवाल ने रेल और हवाई यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रियायतें बहाल करने की भी मांग की, जिसे कोरोना काल में बंद कर दिया गया था।

भाजपा के सिकंदर कुमार ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों सहित हिमालयी क्षेत्र में पानी की कमी पर चिंता जताई।

आप के संत बलवीर सिंह, भाजपा के अनिल सुखदेवराव बोंडे, जद (यू) के खीरू महतो और संजय कुमार झा सहित अन्य सदस्यों ने भी विशेष उल्लेख के जरिये लोक महत्व से जुड़े अपने मुद्दे उठाए।

भाषा अविनाश सुरेश

सुरेश