इंफाल, 21 फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक वुंगजागिन वाल्टे एक समर्पित जन प्रतिनिधि और करुणामय नेता थे।
वाल्टे का गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।
सिंह ने कहा कि वाल्टे ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा में समर्पित कर दिया।
वाल्टे, 2023 में जातीय हिंसा के शुरुआती दौर में भीड़ द्वारा किये गये हमले में घायल हो गए थे।
मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट में कहा, “थानलोन विधानसभा क्षेत्र से विधायक वुंगजागिन वाल्टे के असामयिक निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया। उनका गुरुग्राम में गहन चिकित्सा देखभाल के दौरान निधन हो गया।”
पूर्व मंत्री वाल्टे (61) फेरजावल जिले के रहने वाले थे और जोमी आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखते थे।
सिंह ने कहा, “पु वाल्ते न केवल एक समर्पित जन प्रतिनिधि थे बल्कि एक करुणामय नेता भी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा में समर्पित कर दिया। मणिपुर के कल्याण, प्रगति और समग्र विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता उनकी निस्वार्थ सेवा की सच्ची भावना को दर्शाती है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्टे ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, समुदायों के उत्थान और अनगिनत लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव लाने के लिए अथक परिश्रम किया तथा सभी का सम्मान, विश्वास व स्नेह अर्जित किया।
सिंह ने कहा, “उनका (वाल्टे का) निधन न केवल उनके परिवार और प्रियजनों के लिए बल्कि थानलोन की जनता और पूरे मणिपुर राज्य के लिए एक अपार क्षति है। हमने एक सच्चे नेता, एक विनम्र इंसान और एक ऐसे मजबूत स्तंभ को खो दिया है, जो हमेशा अपनी जनता के कल्याण के लिए खड़े रहे।”
मुख्यमंत्री ने उनके शोक संतप्त परिवार, रिश्तेदारों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत