नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जनसेवा और सामाजिक कल्याण में उनके योगदान के लिए 50वें मातृश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शनिवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया है कि एक समारोह के दौरान मुख्यमंत्री को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता चेतन शर्मा और पुरस्कार समिति के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में बुधवार को यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री को भारत माता की एक तस्वीर और एक शॉल भेंट की गई।
बयान में कहा गया है कि मातृश्री पुरस्कार की स्थापना 1975 में पंजाब केसरी के वरिष्ठ पत्रकार दिनेश शर्मा ने पत्रकारिता और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने के लिए की थी।
बयान में कहा गया है कि अब तक इस पुरस्कार को प्राप्त करने वालों में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा, रजत शर्मा, खुशवंत सिंह और सरला माहेश्वरी शामिल हैं।
भाषा यासिर दिलीप
दिलीप