नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन करने के लिए अपनी युवा शाखा के कार्यकर्ताओं को लगाकर देश के खिलाफ ‘‘बड़ा पाप’’ किया है।
रीजीजू ने विरोध प्रदर्शन को ‘‘शर्मनाक’’ बताते हुए आरोप लगाया कि यहां भारत मंडपम में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन कोई गलती नहीं, बल्कि भारत को बदनाम करने की एक सोची-समझी साजिश थी।
उन्होंने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने एआई शिखर सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन के लिए अपनी युवा शाखा का इस्तेमाल करके ‘‘देश के खिलाफ एक बड़ा पाप’’ किया है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस द्वारा युवाओं का इस्तेमाल देश को बदनाम करने के लिए करना, इससे अधिक शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। ऐसे कृत्य की जितनी भी निंदा की जाए, कम है।’’
रीजीजू ने कहा कि जहां पूरा देश शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के कृत्यों की निंदा कर रहा है, वहीं विपक्षी पार्टी और उसके नेता माफी मांगने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इसके बजाय, वे इस ‘शर्मनाक’ प्रदर्शन को युवाओं के गुस्से की अभिव्यक्ति बताकर उचित ठहरा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भारत प्रगति करता है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस दुखी हो जाते हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भारत को बदनाम करने के लिए चौबीसों घंटे साजिशें रचते रहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि आप राष्ट्रविरोधी कृत्यों में लिप्त होना कब बंद करेंगे?’’
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।
रीजीजू ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में उचित योजना और दूरदर्शिता के साथ शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए पूरी दुनिया भारत की सराहना कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘एआई शिखर सम्मेलन के साथ भारत एक विश्व गुरु के रूप में उभरा है। कांग्रेस और उसके समर्थकों को छोड़कर, भारत समेत पूरी दुनिया इसकी सराहना कर रही है।’
उन्होंने कहा, ‘कुछ भारत-विरोधी ताकतें, कांग्रेस और उसके समर्थक, भारत की तेज प्रगति से अत्यंत दुखी हैं।’
रीजीजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, तो भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर लोगों को ‘उकसाते’ हैं और उन्हें भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए ‘आमंत्रित’ करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी उन्हें हमारी संप्रभुता पर हमला करने के लिए कहते हैं।’
भाजपा नेता रीजीजू ने कांग्रेस पर जनता का विश्वास हासिल करने और चुनाव जीतने में असमर्थता के कारण हताशा में देश का विरोध करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘आप सरकार और उसकी नीतियों की आलोचना कर सकते हैं, लेकिन आप देश का विरोध नहीं कर सकते। जब हम विपक्ष में थे, तब हमने कभी ऐसा नहीं किया।’
मंत्री ने दावा किया कि उन्होंने कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं से ‘निजी तौर पर’ गांधी को यह बात समझाने के लिए कहा है, लेकिन ‘उनमें से कोई भी ऐसा करने को तैयार नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘रोजाना भारत विरोधी आवाज उठायी जा रही है… राहुल गांधी से प्रेरणा लेकर युवा कांग्रेस भारत को बदनाम करने के लिए सड़कों पर उतर आई है।’
भाषा अमित माधव
माधव