भाजपा ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की भगवा संबंधी टिप्पणी का मजाक उड़ाया

Ads

भाजपा ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की भगवा संबंधी टिप्पणी का मजाक उड़ाया

  •  
  • Publish Date - March 10, 2026 / 12:55 PM IST,
    Updated On - March 10, 2026 / 12:55 PM IST

चेन्नई, 10 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई ने मंगलवार को मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की उस टिप्पणी का मजाक उड़ाया जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा राज्य का ‘भगवाकरण’ करना चाहती है। भाजपा ने कहा कि इसकी योजना दिवंगत मुख्यमंत्री एम करुणानिधि ने वर्ष 1999 में ही बना ली थी।

तिरुचिरापल्ली में नौ मार्च को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के 12वें सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष स्टालिन ने कहा, ‘वे (भाजपा) किसी भी तरह तमिलनाडु को एक भगवा राज्य बनाने की योजना बना रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि जब तक द्रमुक यहां है, चाहे कोई भी आ जाए ऐसा नहीं होगा।

इस टिप्पणी का जिक्र करते हुए भाजपा की तमिलनाडु इकाई के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया।

उन्होंने कहा, ‘वह आपके पिता ही थे जिन्होंने 1999 में तमिलनाडु को भगवा राज्य बनाने की योजना बनाई थी।’

भाजपा नेता 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में द्रमुक के शामिल होने का संकेत कर थे। चुनाव में राजग की जीत के बाद द्रमुक नेताओं को वाजपेयी मंत्रिमंडल में जगह दी गई थी।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्टालिन ने आरोप लगाया कि अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख एडप्पादी के पलानीस्वामी ने अपने स्वार्थ और मुख्यमंत्री बनने की खातिर भाजपा की ‘गुलामी’ स्वीकार कर ली और दिल्ली में पार्टी को गिरवी रख दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी का इस्तेमाल कर भाजपा ‘पूरी अन्नाद्रमुक को नष्ट’ करने की कोशिश कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘भगवा भीड़’ तमिलनाडु को ‘निगल’ जाना चाहती है कि किंतु द्रमुक ऐसा नहीं होने देगी।

भाषा

प्रचेता माधव

माधव