भाजपा सांसदों ने महिलाओं से ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए पंजीकरण कराने की अपील की
भाजपा सांसदों ने महिलाओं से ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए पंजीकरण कराने की अपील की
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कमलजीत सहरावत और बांसुरी स्वराज ने बुधवार को दिल्ली की महिलाओं से ‘लक्ष्मी योजना’ के लिए पंजीकरण कराने का आग्रह किया ताकि उन्हें हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता मिल सके।
नयी दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के ‘‘मातृ स्नेह’’ का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से करीब 17 लाख महिलाओं के लाभान्वित होने की उम्मीद है और इसकी शुरुआत एक अगस्त से होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली मंत्रिमंडल ने मंगलवार को इस योजना को मंजूरी दी थी। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे। यह योजना पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा का चुनावी वादा थी।
पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि भाजपा अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के अलावा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं की विकास प्रक्रिया में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘लखपति बिटिया योजना’, स्कूली छात्राओं को साइकिल वितरण और ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ जैसी अन्य योजनाएं भी शुरू की हैं।
भाषा प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


