हरियाणा : यमुनानगर में 11 साल की दुष्कर्म पीड़िता ने बच्ची को जन्म दिया
हरियाणा : यमुनानगर में 11 साल की दुष्कर्म पीड़िता ने बच्ची को जन्म दिया
यमुनानगर, 29 जुलाई (भाषा) हरियाणा के यमुनानगर जिले में 11 साल की दुष्कर्म पीड़िता ने बुधवार को सिविल अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। अधिकारियों ने बताया कि प्रसव सामान्य तरीके से हुआ और जच्चा-बच्चा दोनों की हालत स्थिर है।
यमुनानगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जतींद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मां और बच्ची को दो-तीन दिन में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल नाबालिग और उसकी बच्ची डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बच्ची के परिवार ने नवजात को बाल कल्याण समिति को सौंपने की सहमति दे दी है।
बच्ची के गर्भवती होने की बात इस साल मई में तब सामने आई, जब उसने स्कूल में अचानक पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। बच्ची के परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके सात महीने की गर्भवती होने की पुष्टि की। इसके बाद परिजनों ने छछरौली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पता चला कि छछरौली में एक दवा कंपनी में चालक के तौर पर काम करने वाला व्यक्ति नवंबर 2025 से बच्ची का यौन उत्पीड़न कर रहा था।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया, तो वह उसे जान से मार डालेगा।
आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा पारुल नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


