भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए अरुणाचल से ताई तागाक को बनाया उम्मीदवार

Ads

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए अरुणाचल से ताई तागाक को बनाया उम्मीदवार

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 10:22 PM IST

ईटानगर, चार जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ नेता ताई तागाक को राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने पर बधाई दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ताई तागाक (54) को 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्य से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए उनके नामांकन को मंजूरी दे दी है। मौजूदा राज्यसभा सदस्य नबम रेबिया का कार्यकाल 23 जून को समाप्त हो रहा है।

तागाक को बधाई देते हुए खांडू ने कहा कि उनका नामांकन पार्टी के प्रति उनके दशकों के समर्पण और प्रतिबद्धता की पहचान है। खांडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कठिन समय में जब कई लोग भाजपा से जुड़ने में हिचकिचा रहे थे, तब ताई तागाक ने राज्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम किया।’’

तागाक ने पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार नामित करने के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व, खांडू और उपमुख्यमंत्री चौना मीन को धन्यवाद दिया।

फरवरी 2013 में तागाक को पार्टी की अरुणाचल प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वर्ष 2013 से 2015 तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान पार्टी ने चुनावी राजनीति में उल्लेखनीय सफलता हासिल की और अपने जनाधार का विस्तार किया।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया एक जून से शुरू हो चुकी है और आठ जून तक जारी रहेगी। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को की जाएगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। यदि आवश्यक हुआ, तो 18 जून को मतदान और मतगणना कराई जाएगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मतदान की स्थिति में ताई तागाक की जीत लगभग तय है, क्योंकि 60 सदस्यीय अरुणाचल प्रदेश विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 46 विधायक हैं।

पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश (पीपीए) के छह, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के तीन, जबकि नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और कांग्रेस के एक-एक विधायक हैं। तीन निर्दलीय विधायक भी हैं। पीपीए, राकांपा, एनपीपी और निर्दलीय विधायक भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करते हैं।

भाषा आशीष माधव

माधव