भाजपा और राजग विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेंगे : राजीव चंद्रशेखऱ
भाजपा और राजग विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेंगे : राजीव चंद्रशेखऱ
तिरुवनंतपुरम, 16 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को कहा कि पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
चंद्रशेखर कांग्रेस और माकपा सहित अन्य राजनीतिक दलों और सामाजिक समूहों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “मतदान की तिथि तक अगले 23 दिनों में हम राज्य के लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को सामने रखेंगे। हमारी किसी विवाद में दिलचस्पी नहीं है। हम जनता से जुड़े मुद्दों के साथ आगे बढ़ेंगे, क्योंकि लोग भी यही चाहते हैं।”
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा चुनाव प्रचार के दौरान लोगों का ध्यान भटकाने के लिए विभिन्न मुद्दे उठाने की कोशिश करेंगी।
उन्होंने कहा, “यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है और हमारे भविष्य का फैसला करेगा। लोगों को कांग्रेस और माकपा द्वारा उठाए जाने वाले ध्यान भटकाने वाले मुद्दों से दूर रहना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा का ध्यान विकास की राजनीति पर है। इस दौरान उन्होंने पार्टी का चुनाव प्रचार गीत भी जारी किया।
भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस नेता थोडियूर रामचंद्रन, हृदय रोग विशेषज्ञ प्रताप कुमार और माकपा नेता एन ए रशीद प्रमुख हैं। भाजपा और राजग के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जल्द पूरी होने और उम्मीदवारों की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


