भाजपा ने राज्यसभा के लिए पार्टी कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया, देवेगौड़ा पर कोई चर्चा नहीं हुई: विजयेंद्र

Ads

भाजपा ने राज्यसभा के लिए पार्टी कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया, देवेगौड़ा पर कोई चर्चा नहीं हुई: विजयेंद्र

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 05:03 PM IST

बेंगलुरु, आठ जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने सोमवार को कहा कि पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए एक ऐसे आम कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है जिसने ईमानदारी से संगठन की सेवा की है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं जनता दल(सेक्युलर) प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा के नामांकन पर राज्य इकाई स्तर पर कोई चर्चा नहीं हुई।

यह सफाई उस आलोचना के बीच आई जब सत्तारूढ़ कांग्रेस समेत कई दलों ने भाजपा पर देवेगौड़ा को राज्यसभा का टिकट न देने का आरोप लगाया। देवेगौड़ा ने हाल में 94 वर्ष की आयु पूरी की।

रविवार देर रात भाजपा ने कर्नाटक से प्रो. एम नागराज को अपना राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया। भाजपा, 18 जून के लिए निर्धारित इस चुनाव में विधानसभा में अपनी मौजूदा संख्या बल के आधार पर चार में से एक सीट जीत सकती है।

देवेगौड़ा समेत चार सांसद इसी महीने के अंत में अपना कार्यकाल पूरा करने जा रहे हैं, ऐसे में यह चुनाव जरूरी हो गए हैं। भाजपा की सहयोगी जद(एस) को उम्मीद थी कि भाजपा उनके शीर्ष नेता को दोबारा राज्यसभा भेजेगी।

एक सवाल के जवाब में विजयेंद्र ने कहा, ‘‘देवेगौड़ा ने राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को मजबूत करने तथा प्रधानमंत्री नरेनद्र मोदी का समर्थन करने के लिए काम किया है। वे वरिष्ठ नेता हैं और हम उनका बेहद सम्मान करते हैं। उनके राज्यसभा नामांकन पर राज्य इकाई स्तर पर कोई चर्चा नहीं हुई।’’

हालांकि, उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर हुए घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की।

उन्होंने कहा कि मांड्या से पूर्व सांसद एवं अभिनेत्री सुमालता अंबरीश के नाम पर भी चर्चा हुई थी, लेकिन नेतृत्व ने राजनीतिक स्थिति का आकलन करने के बाद तय किया कि टिकट किसे दिया जाए।

एक अन्य सवाल के जवाब में विजयेंद्र ने कहा, ‘‘हम पार्टी में सुमालता का बहुत सम्मान करते हैं। 2019 में जब उन्होंने लोकसभा चुनाव निर्दलीय लड़ा, तो भाजपा ने उनका समर्थन किया। हमारे समर्थन से वह बड़े अंतर से जीतीं और हमें इस पर गर्व है। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने गठबंधन साझेदार जद(एस) के एच डी कुमारस्वामी के लिए सीट भी छोड़ी- इससे कोई इंकार नहीं कर रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यहां बात खत्म नहीं हुई। नेतृत्व आने वाले दिनों में उन्हें किसी उचित पद के लिए जरूर विचार करेगा।’’

राज्यसभा उम्मीदवार नागराज के साथ-साथ भाजपा ने रविवार रात कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए लिंगराज पाटिल और रघु कौटिल्य को भी उम्मीदवार घोषित किया।

राज्यसभा और विधान परिषद दोनों चुनावों में कर्नाटक विधानसभा के सदस्य मतदान करेंगे।

एक सवाल के जवाब में विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर कथित विकास के अभाव और आंतरिक कलह को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नए मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के नेतृत्व में अगले दो साल आपसी खींचतान को संतुलित करने में ही बीत जाएंगे।

भाषा खारी दिलीप

दिलीप