गुरुग्राम (हरियाणा), आठ अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को लोगों से रक्तदान करने की अपील की और इसे ‘‘एक अनुष्ठान तथा भाईचारे को मजबूत करने का पवित्र तरीका’’ बताया।
नवीन ने कहा कि इस अभियान में नयी पीढ़ी की भागीदारी एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने नयी पीढ़ी को देश का भविष्य बताया और उनसे नशा छोड़ने तथा रक्तदान करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
भाजपा अध्यक्ष ने मानेसर के पास भोरा कलां स्थित ‘ओम शांति रिट्रीट सेंटर’ में ये बातें कहीं, जहां वह ब्रह्माकुमारी संस्थान के समाज सेवा विभाग द्वारा आयोजित ‘रक्तदान महा अभियान’ की शुरुआत के मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नवीन ने ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन मुश्किल हालात में भी शांत मन रखकर बड़े लक्ष्य हासिल करने की दिशा में एक प्रेरणादायक स्तंभ के रूप में काम कर रहा है।
समारोह के दौरान भारतीय संस्कृति और योग के वैश्विक प्रभाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग पद्धति ने सीमाओं को पार कर दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई है।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश