लोकतंत्र में भागीदारी करें युवा, राजनीति से दूर रहकर देश का भला नहीं होगा: बिरला

Ads

लोकतंत्र में भागीदारी करें युवा, राजनीति से दूर रहकर देश का भला नहीं होगा: बिरला

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 07:27 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि युवाओं को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए क्योंकि राजनीति से दूर रहकर देश का भला संभव नहीं है तथा अच्छे लोगों का लोकतांत्रिक संस्थाओं में आना जरूरी है।

बिरला ने दिल्ली विश्वविद्यालय के दो महाविद्यालयों किरोड़ीमल कॉलेज और महाराज अग्रसेन कॉलेज में अलग-अलग कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्ति तक सीमित न रखते हुए उसे सामाजिक उत्तरदायित्व, समावेशिता तथा चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी आकांक्षाओं को व्यापक राष्ट्रीय दृष्टि के साथ समन्वित करें तथा लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

लोकसभा अध्यक्ष का कहना था कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 आलोचनात्मक चिंतन तथा शैक्षणिक लचीलेपन को प्रोत्साहित करते हुए एक परिवर्तनकारी युग का सूत्रपात कर रही है।

उन्होंने कहा कि ज्ञान और कौशल निस्संदेह आवश्यक हैं, किन्तु इनके साथ सुदृढ़ नैतिक मूल्यों, सत्यनिष्ठा और धैर्य का समावेश भी उतना ही अनिवार्य है, जिससे स्थायी और सार्थक सफलता सुनिश्चित की जा सके।

बिरला ने इन महाविद्यालयों में समावेशी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकी एवं कौशल विकास के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को सशक्त बनाकर संस्थान समतामूलक शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने छात्रों से न केवल अपने चुने हुए क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने की सलाह दी, बल्कि देश की लोकतांत्रिक और विकास यात्रा की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह भी किया ।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य युवाओं के विजन, नवाचार और प्रतिबद्धता से ही प्राप्त होगा।

भाषा हक हक नरेश

नरेश