नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ बताया और दावा किया कि जब भी संसद और चुनावों में या उनकी पार्टी को उनकी जरूरत होती है, तो वह अक्सर गायब रहते हैं।
सत्तारूढ़ पार्टी ने दावा किया कि राहुल ‘‘एक और विदेश यात्रा’’ पर हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी के लिए नेता प्रतिपक्ष का मतलब ‘लीडर ऑफ अपोजिशन’ (नेता प्रतिपक्ष) नहीं, बल्कि ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ और पार्टी करना है।
उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि राहुल गांधी को एलओपी (लीडर ऑफ अपोजिशन) के बजाय ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ और पार्टी करने वाले नेता का नाम दे देना चाहिए, क्योंकि वह हमेशा पार्टी करने, घूमने-फिरने और यात्रा करने में व्यस्त रहते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘वह लोगों, संसद या देश को प्राथमिकता नहीं देते, बल्कि पर्यटन को प्राथमिकता देते हैं। अहम मौकों पर, जब पार्टी को संगठनात्मक सहयोग की जरूरत होती है, तो वह कहीं और निकल जाते हैं। संसद सत्र के दौरान भी वह कहीं और निकल जाते हैं। राहुल गांधी हमेशा छुट्टियों पर रहते हैं।’’
पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस नेता (राहुल गांधी) सबसे लंबे समय तक विपक्ष के नेता बने रह सकते हैं क्योंकि वह ‘‘छुट्टी पर ही रहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वहीं, प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर, सरकार के प्रमुख के रूप में, उन्होंने 9,000 से अधिक दिनों में एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है।’’
पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने ‘‘सैकड़ों विदेश यात्राएं’’ कीं और उन्होंने इन यात्राओं के लिए वित्तपोषण पर सवाल उठाए।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘उन्होंने अपनी छुट्टियों पर करोड़ों रुपये खर्च किए हैं, लेकिन वह यह हिसाब नहीं दे पा रहे हैं कि विदेश यात्राओं और घूमने-फिरने पर यह पैसा कहां से खर्च किया गया।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल की विदेश यात्राओं का खर्च ‘‘संदिग्ध’’ संगठन उठाते हैं।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश