भूस्खलन प्रभावित वायनाड में राहुल, प्रियंका की गैर-मौजूदगी पर भाजपा ने साधा निशाना

Ads

भूस्खलन प्रभावित वायनाड में राहुल, प्रियंका की गैर-मौजूदगी पर भाजपा ने साधा निशाना

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 06:44 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) भाजपा ने केरल के वायनाड में सात जुलाई के भूस्खलन में कई लोगों की मौत के बावजूद कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के प्रभावित क्षेत्र में नहीं जाने पर सोमवार को उन पर निशाना साधा।

केंद्र में सत्तारूढ़ दल ने कहा कि उनकी “असंवेदनशीलता और उदासीनता” के लिए गांधी परिवार को स्पष्ट रूप से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा के इस हमले पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

पार्टी ने राहुल गांधी से उनकी हालिया विदेश यात्रा की जानकारी सार्वजनिक करने को भी कहा, जिसके बारे में पार्टी का कहना है कि वह “रहस्य के घेरे में” रही है। पार्टी का कहना है कि जनता को यह जानने का हक है कि क्या उनकी किसी विदेशी यात्रा या मुलाकात का “भारत के राजनीतिक या रणनीतिक हितों से कोई सरोकार” है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी, जिन्होंने वायनाड सीट छोड़ने से पहले लोकसभा में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था, ने वादा किया था कि प्रियंका गांधी वाद्रा के वहां से चुने जाने के बाद इस निर्वाचन क्षेत्र में “दो सांसद” होंगे।

उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “राहुल गांधी जी जमीनी स्तर पर मौजूद नहीं हैं। जब उन्होंने अपना चुनाव क्षेत्र छोड़कर अपनी बहन प्रियंका गांधी जी को जिम्मेदारी सौंपी थी, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा था: ‘अब वायनाड में दो सांसद होंगे।’ लेकिन अफसोस की बात है कि गांधी परिवार से जुड़े ये दोनों ही सांसद जमीनी स्तर पर कहीं नजर नहीं आते। यह वायनाड और केरल की जनता के साथ धोखा है।”

त्रिवेदी ने गांधी के सार्वजनिक रूप से दिखाई न देने और उनकी कथित विदेश यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता का पता तब चलेगा, जब वह विदेश से “भारत-विरोधी” बयान देंगे।

उन्होंने कहा, “कभी-कभी कुछ निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों को लगता है कि उनका सांसद गायब है। लेकिन यहां मामला कुछ ज्यादा ही अजीब है: एक सांसद देश से ही गायब है!”

त्रिवेदी ने कहा कि जयराम रमेश – जिन्हें उन्होंने राहुल गांधी का “दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक” बताया – की ओर से की गई कोई भी बचाव की कोशिश वायनाड की जनता के प्रति जिम्मेदारियां निभाने में राहुल गांधी-प्रियंका गांधी की नाकामी को छिपा नहीं सकती।

उन्होंने कहा, “जयराम रमेश जी हालांकि काफी पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, लेकिन उनकी सारी बुद्धिमत्ता और ज्ञान वायनाड के लोगों के साथ हुए अन्याय और राहुल गांधी के गलत व्यवहार की भरपाई नहीं कर पाएगा। जयराम रमेश जी जो कुछ भी कर रहे हैं, वह एक बहुत बड़ी विफलता को छिपाने की कोशिश के अलावा और कुछ नहीं है।”

भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने मांग की कि राहुल गांधी 22 जून से 13 जुलाई के बीच अपनी विदेश यात्रा का विवरण बताएं।

मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “22 जून से 13 जुलाई के बीच राहुल गांधी की विदेश यात्रा रहस्य बनी हुई है। वह कहां गए? वह किससे मिले? उनकी यात्रा और ठहरने का खर्च किसने उठाया?”

उन्होंने कहा, “ये जायज सवाल हैं, जिनका जवाब विपक्ष के नेता को साफ-साफ देना चाहिए। जनता को यह जानने का हक है कि क्या उनके विदेश दौरों में ऐसी बैठकें शामिल थीं, जिनका भारत के राजनीतिक या रणनीतिक हितों पर असर पड़ सकता है।”

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि भूस्खलन के छह दिन बाद भी प्रियंका गांधी वाद्रा अपने निर्वाचन क्षेत्र में नहीं गई हैं। उन्होंने भाई-बहन (राहुल-प्रियंका) पर “बिना जवाबदेही के विशेषाधिकार का आनंद लेने” का आरोप भी लगाया।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप