कोल्लम (केरलम), 28 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान कथित सुरक्षा चूक और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें काला झंडा दिखाए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोल्लम जिला समिति ने सोमवार को यहां कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला।
भाजपा विधायक दल के नेता बी बी गोपकुमार ने मार्च की शुरुआत की और कथित सुरक्षा चूक की जांच तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चातन्नूर के विधायक गोपकुमार ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि ऐसी परिस्थितियां बनाई गईं, जिससे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शाह को काला झंडा दिखा सकें।
भाजपा प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के खिलाफ नारे लगाए और चेतावनी दी कि न तो वह और न ही उनके मंत्री राज्य में स्वतंत्र रूप से घूम सकेंगे या कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकेंगे।
गोपकुमार ने कथित सुरक्षा चूक की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन की ओर से कर्तव्य में लापरवाही हुई और शाह के कार्यक्रमों को बाधित करने की साजिश रची गई।
26 सितंबर को युवा कांग्रेस नेताओं ने उस समय शाह के खिलाफ काला झंडा दिखाकर प्रदर्शन किया था, जब उनका काफिला कोल्लम से कुंडारा जा रहा था।
शाह कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए कोल्लम जिले में थे।
भाषा अमित
अमित