भाजपा ने खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा

भाजपा ने खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा

भाजपा ने खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा
Modified Date: May 25, 2026 / 08:05 pm IST
Published Date: May 25, 2026 8:05 pm IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस बयान को लेकर मुख्य विपक्षी दल पर सोमवार को निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी कर्नाटक सरकार से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे।

भाजपा ने कहा कि इस बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस की ‘‘असली ताकत’’ किसके पास है।

भाजपा की यह टिप्पणी खरगे के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि पार्टी आलाकमान से मुलाकात के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री (सिद्धरमैया) की दिल्ली यात्रा के दौरान गांधी बात करेंगे, न कि वह।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि खरगे ने इस बात को लेकर सभी संदेहों को दूर कर दिया है कि वह केवल एक ‘‘रबर-स्टैंप कांग्रेस अध्यक्ष’’ हैं।

मालवीय ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने सार्वजनिक रूप से यह घोषणा की कि कांग्रेस की कर्नाटक इकाई से जुड़े मुद्दों पर फैसला राहुल गांधी करेंगे। उन्होंने कहा कि खरगे के इस बयान से इस बात को लेकर सभी संदेह दूर हो गये कि वह केवल नाममात्र के कांग्रेस अध्यक्ष हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि खरगे के बयान से पता चलता है कि कांग्रेस में सत्ता अभी भी गांधी परिवार के पास है।

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का दलित नेताओं को वास्तविक निर्णय लेने की शक्तियां देने के बजाय उनका ‘‘राजनीतिक फायदे’’ के लिए इस्तेमाल करने का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह कोई नयी बात नहीं है। कांग्रेस का दलितों को वास्तविक शक्ति और स्वायत्तता से वंचित रखते हुए, राजनीतिक सुविधा के अनुसार उनका इस्तेमाल करने का लंबा इतिहास रहा है।’’

मालवीय ने अपने आरोप के समर्थन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार और खरगे का उदाहरण दिया।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में दलित नेताओं को अक्सर प्रतीकात्मक पद दिए जाते हैं जबकि प्रमुख राजनीतिक और संगठनात्मक निर्णय गांधी परिवार के आसपास ही केंद्रित रहते हैं।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि उनके लिए परिवार से बढ़कर कुछ भी नहीं है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘अगर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे खुद पार्टी के मामलों पर नहीं बोल सकते, तो फिर असल में कांग्रेस पार्टी को कौन चला रहा है? कांग्रेस के पदानुक्रम में राहुल गांधी हमेशा खरगे से ऊपर क्यों रहते हैं?’’

उन्होंने दावा किया कि ‘‘कांग्रेस में पद भले ही दूसरों के पास हों, लेकिन सत्ता हमेशा एक ही परिवार के पास रहती है’’।

भंडारी ने कहा, ‘‘याद कीजिए कैसे विपक्ष की एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान, खरगे को कथित तौर पर दरकिनार कर दिया गया था और उन्हें पार्टी अध्यक्ष के समान महत्व भी नहीं दिया गया था? यह कांग्रेस की संस्कृति के बारे में सब कुछ बताता है।’’

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भी जिक्र करते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने उन्हें ‘‘कठपुतली प्रधानमंत्री’’ बना दिया था।

भाषा

देवेंद्र सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में