हिमाचल सरकार की ‘विफलताओं’ पर आरोपपत्र तैयार करेगी भाजपा, पूरे प्रदेश में जनअभियान की योजना

हिमाचल सरकार की ‘विफलताओं’ पर आरोपपत्र तैयार करेगी भाजपा, पूरे प्रदेश में जनअभियान की योजना

हिमाचल सरकार की ‘विफलताओं’ पर आरोपपत्र तैयार करेगी भाजपा, पूरे प्रदेश में जनअभियान की योजना
Modified Date: July 15, 2026 / 02:58 pm IST
Published Date: July 15, 2026 2:58 pm IST

शिमला, 15 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश भाजपा ने बुधवार को कहा कि उसने कांग्रेस सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, अधूरे वादों, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं को उजागर करने के लिए ‘आरोपपत्र’ तैयार करने के वास्ते राज्य स्तरीय ‘समिति’ का गठन किया है।

पार्टी ने कहा कि जवाबदेही की मांग के लिए पूरे प्रदेश में जनआंदोलन भी संचालित किया जाएगा।

भाजपा ने कहा कि इस जनआंदोलन को संचालित करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने एक बयान में कहा, ‘‘ साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने जनता के विश्वास को ठगा है और विकास कार्यों को ठप कर हिमाचल प्रदेश को आर्थिक तथा प्रशासनिक संकट की ओर धकेल दिया है।’’

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा करने और जनता का विश्वास दोबारा स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा एक व्यापक जनअभियान है।

बिंदल ने कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर घेरा जाएगा और राजनीतिक रूप से जवाबदेह बनाया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि सरकार की कथित विफलताओं को भाजपा प्रदेश के हर गांव और हर घर तक पहुंचाएगी तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर मजबूत जनआंदोलन खड़ा करेगी।

उन्होंने बताया कि ‘आरोपपत्र’ समिति कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं, भ्रष्टाचार, जनविरोधी फैसलों और अधूरे चुनावी वादों का विस्तृत दस्तावेज तैयार करेगी।

इस समिति में राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सदस्य एवं प्रदेश महासचिव सिकंदर कुमार, राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन, विधायक एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर वर्मा सहित अन्य नेता शामिल हैं।

वहीं, जनआंदोलन समिति पूरे प्रदेश में जनजागरुकता अभियान, धरना-प्रदर्शन, विरोध कार्यक्रम और व्यापक जनसंपर्क अभियान की रणनीति तैयार करेगी। इस समिति में राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर, लोकसभा सदस्य कंगना रनौत सहित कई अन्य नेताओं को शामिल किया गया है।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में