विधानसभा चुनाव से पहले जनता के सुझाव लेगी भाजपा, नड्डा मंगलवार को अभियान शुरू करेंगे

Ads

विधानसभा चुनाव से पहले जनता के सुझाव लेगी भाजपा, नड्डा मंगलवार को अभियान शुरू करेंगे

  •  
  • Publish Date - October 3, 2023 / 08:30 PM IST,
    Updated On - October 3, 2023 / 08:30 PM IST

जयपुर, तीन अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आम जनता से सुझाव लेगी और इस अभियान की शुरुआत कल होगी।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को बिड़ला ऑडिटोरियम से अलग-अलग जगहों के लिए 51 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने मंगलवार को यहां मीडिया को यह जानकारी दी। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

मेघवाल ने कहा कि भाजपा संकल्प पत्र समिति द्वारा जनता के सुझाव एकत्रित करने के लिए ‘‘आपणो राजस्थान सुझाव आपका संकल्प हमारा’’ कार्यक्रम बनाया है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में दोपहर एक बजे करेंगे।

इस दौरान जेपी नड्डा राज्य के अलग-अलग जगहों के लिए 51 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के तहत चलाए जा रहे इन रथों के साथ जिला संयोजक और संकल्प पत्र समिति के सह-संयोजक रहेंगे।

इन रथों में ‘आकांक्षा पेटी’ भी रखी जाएगी जिसमें लोग अपने लिखित सुझाव दे सकते हैं।

जिला मुख्यालयों और तहसील स्तर पर जाकर आमजन से संकल्प पत्र के संबंध में सुझाव लिए जाएंगे।

यह कार्यक्रम 20 दिन का होगा जिसमें समाज के सभी वर्गों से सुझाव लिए जाएंगे।

नड्डा एक टोल फ्री नंबर और वेबसाइट भी जारी करेंगे। सभी सुझावों के आधार पर भाजपा अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी।

मेघवाल भाजपा की संकल्प पत्र समिति के संयोजक भी हैं।

भाषा पृथ्वी संतोष

संतोष