आरोप साबित करें या 100 करोड़ के मानहानि मुकदमे का सामना करें: भाजपा ने उमर को दी चेतावनी

आरोप साबित करें या 100 करोड़ के मानहानि मुकदमे का सामना करें: भाजपा ने उमर को दी चेतावनी

आरोप साबित करें या 100 करोड़ के मानहानि मुकदमे का सामना करें: भाजपा ने उमर को दी चेतावनी
Modified Date: July 13, 2026 / 11:32 am IST
Published Date: July 13, 2026 11:32 am IST

श्रीनगर, 13 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने पार्टी पर लगाए गए विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के समर्थन में सबूत पेश नहीं किए या सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने यहां एक बयान जारी कर कहा, ‘‘भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को डाक/ई-मेल के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा है। उनसे सात दिन के भीतर या तो भाजपा पर लगाए गए ‘खरीद-फरोख्त’ के आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत देने या सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है।’’

प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि उमर अब्दुल्ला न तो आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्य प्रस्तुत करते हैं और न ही माफी मांगते हैं, तो भाजपा उनके उस बयान को लेकर 100 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर करेगी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्षी दल, विधायकों को 20 से 30 करोड़ रुपये की पेशकश कर रही है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पिछले सप्ताह हजरतबल में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था कि भाजपा उनकी पार्टी में टूट करवाकर उनकी सरकार गिराने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने यह भी दावा किया था कि जम्मू क्षेत्र के नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक विधायक ने उन्हें बताया कि भाजपा में शामिल होने के बदले उसे 20 से 30 करोड़ रुपये और मंत्री पद की पेशकश की गई थी।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में