बांकीपुर सीट पर उपचुनाव में जीतेगी भाजपा, राजग के सभी सहयोगी दलों ने दिया समर्थन: चिराग पासवान
बांकीपुर सीट पर उपचुनाव में जीतेगी भाजपा, राजग के सभी सहयोगी दलों ने दिया समर्थन: चिराग पासवान
नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को भरोसा जताया कि बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) फिर जीत हासिल करेगी।
इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है।
पार्टी के पहले उम्मीदवार के चुनाव मैदान से हटने के बाद भाजपा को नया उम्मीदवार उतारना पड़ा।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि इस सीट से चुनाव लड़ रहे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को हार का सामना करना पड़ेगा।
एक दिन पहले ही भाजपा के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए उपचुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद पार्टी ने उनकी जगह अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया।
इस घटनाक्रम के बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि अभिषेक कुमार सिन्हा के बारे में मिली कुछ नकारात्मक जानकारियां उनकी उम्मीदवारी वापस लेने की वजह हो सकती हैं।
जब इस बारे में चिराग पासवान से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “भाजपा के उम्मीदवार (अभिषेक कुमार सिन्हा) को लेकर मीडिया में कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि वह खुद अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि बांकीपुर की जनता आने वाले उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार को ही चुनेगी। बिहार में राजग के सभी पांच घटक दल उनका समर्थन करेंगे।”
चिराग ने अभिषेक कुमार सिन्हा के नामांकन दाखिल करने के बाद चुनाव मैदान से हटने को लेकर उठ रही अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश करते हुए कहा, “यह कोई बड़ी बात नहीं है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। अलग-अलग कारणों से पहले भी कई बार ऐसे फैसले लिए जा चुके हैं। अहम बात यह है कि आखिरकार इस सीट से कौन जीतकर चुना जाता है।”
पासवान ने कहा कि इस सीट से वही उम्मीदवार जीतना चाहिए, जो केंद्र और बिहार दोनों सरकारों का हिस्सा हो, ताकि वह दोनों सरकारों की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा सके।
उन्होंने कहा, “बांकीपुर की जनता यह बात अच्छी तरह समझती है। यही वजह है कि इस सीट से अब तक लगातार नौ बार भाजपा का उम्मीदवार जीतता आया है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या प्रशांत किशोर इस सीट से अपना चुनावी खाता खोल पाएंगे, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘‘नहीं।’’
उन्होंने कहा, “इसके पीछे एक वजह है। बिहार जैसे राज्य में, जहां हर व्यक्ति राजनीतिक रूप से जागरूक और समझदार है, वहां अराजकता की सोच को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।”
चिराग ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर ‘‘अराजकता की सोच’’ के साथ राजनीति करते हैं।
पासवान ने आरोप लगाया कि जन सुराज के संस्थापक के पास बिहार के विकास के लिए कोई स्पष्ट रूपरेखा नहीं है।
उन्होंने कहा, “उनकी (प्रशांत किशोर की) सोच को कोई नहीं समझता। यही वजह है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल सके।”
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होगा, जबकि मत गणना तीन अगस्त को होगी।
यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी।
उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी।
भाषा जितेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


