गैर-कानूनी जंगल सफारी: दो लोगों को वन विभाग की हिरासत में भेजा गया

गैर-कानूनी जंगल सफारी: दो लोगों को वन विभाग की हिरासत में भेजा गया

गैर-कानूनी जंगल सफारी: दो लोगों को वन विभाग की हिरासत में भेजा गया
Modified Date: July 11, 2026 / 09:32 pm IST
Published Date: July 11, 2026 9:32 pm IST

अमरेली (गुजरात), 11 जुलाई (भाषा) अदालत ने गुजरात के अमरेली जिले में शेर देखने के लिए कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से जंगल में घुसे तीन युवकों में से दो को वन विभाग की हिरासत में भेज दिया। एक युवक की शेर के हमले में मौत हो गई थी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अमरेली के रहने वाले सोहेल मुंजावर की बुधवार को अंतालिया इलाके में एक शेर के हमले से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोहेल और उसके दोस्तों ने शेर-शेरनी के एक जोड़े को परेशान किया था।

लिलिया रेंज के वन अधिकारी वत्सल पांड्या ने कहा, ‘‘वन विभाग की जांच में पता चला है कि मरने वाले व्यक्ति समेत तीन लोगों ने शेर को परेशान किया था।’’

उन्होंने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पांड्या ने बताया कि पूछताछ के दौरान यशराजसिंह राठौड़ और रेहान पठान ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे गैर-कानूनी रूप से उस इलाके में गए थे और शेरों को परेशान किया था।

अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से डेटा मिटा दिया था। इन फोन को जांच के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया है।

पांड्या के मुताबिक, आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें दो दिन के लिए वन विभाग की हिरासत में भेज दिया।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में