शिमला, 21 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) इकाई ने शनिवार को दिल्ली में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भारतीय युवा कांग्रेस के ‘‘कमीज उतारकर किए गए प्रदर्शन’’ के खिलाफ यहां उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि यह विरोध प्रदर्शन ‘देश की वैश्विक छवि और प्रतिष्ठा को धूमिल करने की साजिश’ है।
प्रदेश भाजयुमो महासचिव सुशील करशोली ने कहा, ‘कांग्रेस का व्यवहार दर्शाता है कि पार्टी अब एक जिम्मेदार विपक्ष नहीं रही, बल्कि अराजक राजनीति का प्रतीक बन गई है। इस घटना को लेकर देशभर में व्यापक जन आक्रोश है और लोग पार्टी की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा कर रहे हैं।’
उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना पूर्व नियोजित थी और राहुल गांधी के उकसावे पर कार्यकर्ताओं को सम्मेलन स्थल पर इकट्ठा किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस का यह रवैया उसकी हताशा का प्रमाण है।’
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश