सूरत में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या; आरोपी फरार

सूरत में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या; आरोपी फरार

सूरत में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या; आरोपी फरार
Modified Date: May 18, 2026 / 05:31 pm IST
Published Date: May 18, 2026 5:31 pm IST

सूरत, 18 मई (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा के 21 वर्षीय एक कार्यकर्ता की तीन लोगों ने कथित तौर पर पुरानी दुश्मनी के चलते चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा के सक्रिय सदस्य जय दलाल पर आधी रात के करीब उधना इलाके में हमला किया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) चिराग वडोदरिया ने बताया कि पीड़ित अपने दोस्तों के साथ कबाड़ की एक दुकान पर था, तभी दोपहिया वाहन पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे और उस पर धारदार हथियारों से हमला कर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कथित आरोपियों की पहचान किशन परमार, पंकज पाटिल और मिलिंद कोली के रूप में की है।

एसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या की वजह करीब तीन महीने पहले आरोपियों और पीड़ित के बीच हुआ विवाद था।

उन्होंने कहा कि तीनों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारी ने बताया कि मार्च में परमार के खिलाफ असामाजिक गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (पासा) के तहत कार्रवाई की गई थी।

घटना के एक सीसीटीवी फुटेज में हमले के समय अपराध स्थल के आसपास कई लोगों की आवाजाही देखी गई है।

जय दलाल की मां जयश्रीबेन, जो खुद भी भाजपा से जुड़ी हैं, ने दावा किया कि उनके बेटे को रविवार शाम घर से निकलने से पहले एक दोस्त का फोन आया था।

उन्होंने कहा, ‘वह शाम करीब साढे़ सात बजे घर से निकला था और मुझसे कहा था कि वह देर से लौटेगा और घर पर रात का खाना नहीं खाएगा। रात करीब 12.30 बजे मुझे फोन आया कि कुछ लोगों ने उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। वह मेरा इकलौता बेटा था। मुझे न्याय चाहिए।’

भाषा सुमित माधव

माधव


लेखक के बारे में