व्यक्ति के अपहरण के मामले में दंपति समेत छह लोग गिरफ्तार
व्यक्ति के अपहरण के मामले में दंपति समेत छह लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक ऑनलाइन मंच के जरिए झांसा देकर एक व्यक्ति का कथित तौर पर अपहरण करने, उसके परिवार से 70 लाख रुपये की फिरौती मांगने और उसके व्यक्तिगत विवरण का उपयोग करके ऋण लेने के आरोप में एक दंपति सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित को उत्तर प्रदेश के मथुरा से बरामद कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित के क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके कथित तौर पर खरीदे गए आभूषण और कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि इंदु उर्फ लीसा शर्मा (20) ने घरेलू सामान खरीदने के बहाने इस व्यक्ति से संपर्क किया था। मुलाकात के बाद, वह उसे नेब सराय स्थित अपने फ्लैट में ले गई, जहां उसके पति जितेंद्र यादव (32) उर्फ जीतू और उसके सहयोगियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और उसे बंधक बना लिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद वे उसे एक एसयूवी कार में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ले गए।
पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त को पीड़ित के भाई ने मैदानगढ़ी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी थी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि बाद में इसमें अपहरण, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और हमले से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक पुलिस टीम ने 23 अगस्त को उसे मथुरा से ढूंढ निकाला।
इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र और इंदु को 30 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके चार सहयोगियों – भानू प्रताप, अज्जू सरकार, राहुल उर्फ बिजेंद्र और नवीन उर्फ चिंटू को बाद में दिल्ली और हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित की ‘ऑनलाइन बैंकिंग’ और ‘क्रेडिट कार्ड’ का इस्तेमाल किया और उसके परिवार से 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। उन्होंने उसके व्यक्तिगत विवरण का उपयोग करके ऋण प्राप्त करने का भी कथित प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि एसयूवी कार, दो ‘टॉय’ पिस्तौल, चाकू, पीड़ित का मोबाइल फोन, दो क्रेडिट कार्ड, एक डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, पंजीकरण प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया है।
पीड़ित के क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके खरीदा गया 10 ग्राम का सोने का पेंडेंट, 15 ग्राम की सोने की चेन और कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं जिनमें हमले के वीडियो हैं।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


