आनंद, चार मई (भाषा) गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की सोमवार को जारी मतगणना के नवीनतम रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हर्षदभाई परमार ने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी भृगुराजसिंह चौहान पर स्पष्ट बढ़त हासिल कर ली है।
आंणद जिले के वल्लभ विद्यानगर स्थित बीजेवीएम कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, नौवें चरण की मतगणना पूरी होने के बाद परमार को 33,745 वोट मिले, जबकि चौहान को 23,310 वोट प्राप्त हुए।
अन्य चार उम्मीदवार – तीन निर्दलीय और एक अन्य पार्टी का उम्मीदवार – उनसे काफी पीछे रह गए।
तत्कालीन भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव हुआ है। भाजपा ने उनके बेटे हर्षद परमार को चुनाव मैदान में उतारा है और यह उनका पहला बड़ा चुनाव है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा