आणंद (गुजरात), चार मई (भाषा) गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हर्षद परमार ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भृगुराजसिंह चौहान को 30,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर सोमवार को जीत हासिल की।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, परमार को 85,500 वोट मिले, जबकि चौहान को 54,757 वोट प्राप्त हुए।
चार अन्य उम्मीदवार- तीन निर्दलीय और एक अन्य पार्टी से – उनसे काफी पीछे रह गए और 1,000 वोटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए।
भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव हुआ है। भाजपा ने उनके बेटे हर्षद परमार को चुनाव मैदान में उतारा और यह उनका पहला बड़ा चुनाव है।
कांग्रेस उम्मीदवार चौहान ने 2000 से 2015 के बीच लगातार तीन कार्यकाल तक उमरेठ तालुका पंचायत के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह वर्तमान में राज्य में केंद्रीय क्षेत्र के लिए विपक्षी दल के समन्वयक हैं।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा