अपने पार्षदों की दिल्ली यात्रा का खर्च पार्टी उठा रही है : भाजपा की केरल इकाई
अपने पार्षदों की दिल्ली यात्रा का खर्च पार्टी उठा रही है : भाजपा की केरल इकाई
तिरुवनंतपुरम, 10 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई ने अपने नव निर्वाचित पार्षदों की दिल्ली यात्रा को लेकर लग रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रीय राजधानी गये इन जन प्रतिनिधियों की यात्रा का खर्च पूरी तरह पार्टी उठा रही है।
तिरुवनंतपुरम नगर निगम के महापौर वी.वी. राजेश के नेतृत्व में 115 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुआ, ताकि ‘दिल्ली प्रवास’ नामक एक विशेष प्रशासनिक और शासन कौशल विकास शिविर में भाग ले सके।
भाजपा के जिला अध्यक्ष (शहर) करमना जयन ने यहां पत्रकारों को बताया कि यह दौरा पार्टी के कोष से आयोजित किया गया है, न कि निगम के कोष से, जैसा कि राजनीतिक विरोधियों ने आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और केंद्र सरकार के अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठकें करना है, ताकि तिरुवनंतपुरम और केरल के लिए विकास की संभावनाओं एवं नए अवसरों का पता लगाया जा सके।
जयन ने आरोप लगाया कि सरकारी धन का दुरुपयोग करना माकपा की एक प्रथा रही है और भाजपा पार्षदों की दिल्ली यात्रा की आलोचना को ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ करार दिया।
उन्होंने कहा कि जो लोग इस यात्रा को नकारात्मक रूप से पेश करने की कोशिश कर रहे हैं, वे ‘भ्रम की दुनिया में जी रहे हैं।’
महापौर राजेश के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सोमवार को केरल एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना हुआ। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
इस प्रतिनिधिमंडल में तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सभी भाजपा पार्षद, भाजपा शासित नगरपालिकाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, ग्राम पंचायतों के अध्यक्ष और संसदीय दल के नेता शामिल हैं।
यह प्रतिनिधिमंडल 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर मिलेगा।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


