भाजपा की राजनीति ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत से प्रेरित: बाबूलाल मरांडी

Ads

भाजपा की राजनीति 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित: बाबूलाल मरांडी

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 06:06 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 06:06 PM IST

रांची, छह अप्रैल (भाषा) झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीति ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर आधारित है और पार्टी देश और जनता के हितों को प्राथमिकता देती है।

मरांडी ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित 47वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एक मजबूत भाजपा ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकती है।

उन्होंने कहा, “भाजपा देश और उसकी जनता के लिए राजनीति करती है। ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का मंत्र हर पार्टी कार्यकर्ता की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

उन्होंने भारतीय जनसंघ से भाजपा तक के सफर को प्रेरणादायक और संघर्षों से ओतप्रोत बताया।

उन्होंने कहा, “जनसंघ और भाजपा के संघर्षपूर्ण सफर का उद्देश्य भारत को एक बार फिर ‘विश्वगुरु’ बनाने का रहा है। केवल एक मजबूत भाजपा ही एक शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण कर सकती है।”

भाजपा कार्यकर्ता पूरे राज्य में स्थापना दिवस मना रहे हैं, जिसके तहत 5 से 12 अप्रैल तक मंडल, पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी की प्रगति उसके कार्यकर्ताओं के समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा, “भाजपा प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जो एक मजबूत वैचारिक आधार पर बनी है। इसका वर्तमान मुकाम करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों का परिणाम है। अंत्योदय के लक्ष्य का अनुसरण करते हुए, पार्टी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है।”

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह अपने संस्थापक सिद्धांतों से भटक गई है। कांग्रेस महासचिव राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया, “भाजपा राष्ट्रवाद, सुशासन और पारदर्शिता के अपने मूल सिद्धांतों से दूर हो गई है। आज उसकी राजनीति विभाजन, ध्रुवीकरण और सत्ता के केंद्रीकरण तक सीमित है।”

भाषा अमित नरेश

नरेश