मांजलपुर उपचुनाव के लिए भाजपा के सतीश पटेल, कांग्रेस के भीखाभाई रबारी ने नामांकन दाखिल किया

मांजलपुर उपचुनाव के लिए भाजपा के सतीश पटेल, कांग्रेस के भीखाभाई रबारी ने नामांकन दाखिल किया

मांजलपुर उपचुनाव के लिए भाजपा के सतीश पटेल, कांग्रेस के भीखाभाई रबारी ने नामांकन दाखिल किया
Modified Date: July 13, 2026 / 05:48 pm IST
Published Date: July 13, 2026 5:48 pm IST

वडोदरा, 13 जुलाई (भाषा) गुजरात के वडोदरा शहर की मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के उम्मीदवारों ने सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए और दोनों ही दलों ने जीत का दावा किया।

भारतीय जनता पार्टी के विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का लंबी बीमारी के बाद दो जून को निधन होने के कारण यह उपचुनाव कराना पड़ा।

कांग्रेस की गुजरात इकाई के उपाध्यक्ष और राज्य के पूर्व मंत्री, कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी ने कहा कि चुनाव निर्वाचन क्षेत्र और वडोदरा शहर से जुड़े मुद्दों पर लड़ा जाएगा, जिनमें खराब नागरिक बुनियादी ढांचा, यातायात जाम और कथित भ्रष्टाचार शामिल हैं।

अपना नामांकन दाखिल करने के बाद रबारी ने पत्रकारों से कहा, “कई मुद्दे हैं। जो समस्याएं पूरे शहर को प्रभावित कर रही हैं, वे ही मांजलपुर के भी मुद्दे हैं। यातायात, पीने का गंदा पानी, बजबजाती नालियां और खराब सड़कें कुछ मुख्य समस्याएं हैं। भाजपा इन मुद्दों को हल करने में नाकाम रही है।”

अपनी संभावनाओं पर रबारी ने कहा, “जीत या हार का फैसला मतदाता करेंगे, लेकिन मैं जीतने के लिए चुनाव लड़ रहा हूं।” भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता दिवंगत योगेश पटेल के अधूरे कामों को पूरा करना और उनके चुनाव क्षेत्र के लिए उनकी सोच को आगे बढ़ाना होगी।

पटेल ने कहा, “योगेशभाई के अधूरे काम पूरे किए जाएंगे। हम योगेशभाई के शुरू किए गए कामों को आगे बढ़ाएंगे और नई पहल भी करेंगे। मांजलपुर के लिए उनका जो नजरिया था, हम उसे पूरा करेंगे।”

उप-चुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा और मतगणना तीन अगस्त को होगी।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में