पलक्कड़ (केरलम), छह सितंबर (भाषा) केरलम के अगली में चेराकडव के पास रविवार को भवानी नदी में लावारिस पड़ी दो बोरियों से एक महिला और एक बच्चे के शवों के अंग बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मवेशी चराने वालों ने करीब साढ़े तीन बजे नदी के सूखे हिस्से में पड़ी दो बोरियां देखीं। बोरियों से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुदुर पुलिस को सूचना दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बोरियों की जांच की। दोनों बोरियों में एक महिला और एक बच्चे के सिर समेत शरीर के अन्य अंग मिले।
पुलिस ने बताया कि आसपास के इलाके में तलाशी ली गई, लेकिन कोई अन्य बोरी या शव के अंग नहीं मिले। शव के अंग काफी सड़ चुके हैं, जिससे उनकी शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा है।
एक गवाह के बयान के आधार पर पुदुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि शव के अंगों को मुर्दाघर भेज दिया गया है और सोमवार को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस पड़ोसी जिलों तथा केरलम और तमिलनाडु में हाल में दर्ज हुए गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
भाषा
राखी नरेश
नरेश