केरल में अलग-अलग नौका हादसों में लापता हुए दो मछुआरों के शव बरामद

Ads

केरल में अलग-अलग नौका हादसों में लापता हुए दो मछुआरों के शव बरामद

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 05:01 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 05:01 PM IST

तिरुवनंतपुरम, दो अगस्त (भाषा) तिरुवनंतपुरम में मुथलापोझी मुहाने और विड़िण्गम में अलग-अलग नौका दुर्घटनाओं में लापता हुए दो मछुआरों के शव रविवार को बरामद कर लिए गए, जबकि दो अन्य लापता मछुआरों की तलाश अब भी जारी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, तटीय पुलिस, मत्स्य विभाग की ‘मरीन एन्फोर्समेंट विंग’ और भारतीय तटरक्षक बल के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान अंचुथेंगु निवासी फ्रीमोन (28) का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि शव मुथलापोझी से करीब 20 किलोमीटर दूर कन्ननथुरा तट के पास मिला।

अधिकारियों के मुताबिक, इसी हादसे में लापता हुए अंचुथेंगु निवासी शिजिन (32) की तलाश अब भी जारी है।

यह दुर्घटना 31 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे हुई थी, जब चार मछुआरों को ले जा रही नौका मुथलापोझी मुहाने से लगभग 100 मीटर की दूरी पर तेज लहरों की चपेट में आकर पलट गई थी।

उन्होंने बताया कि इनमें से दो मछुआरे, जोस और स्मिथ तैरकर सुरक्षित किनारे तक पहुंच गए, जबकि फ्रीमोन और शिजिन लापता हो गए।

घटना के बाद मछुआरों और लापता लोगों के परिजनों ने अंचुथेंगु तटीय पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर उनकी तलाश के लिए अभियान तेज करने की मांग की।

इसके बाद राज्य सरकार ने खोज अभियान में भारतीय नौसेना की सहायता लेने का फैसला किया।

इस बीच, विड़िण्गम बंदरगाह के पास मछली पकड़ने वाली एक नौका के पलटने के बाद लापता हुए एंटनी (63) का शव रविवार अपराह्न बरामद कर लिया गया। वह यहां कोट्टुकल के पास आदिमलाथुरा के रहने वाले थे।

पुलिस ने बताया कि यह घटना 31 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। विजिंझम बंदरगाह से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गई नौका खराब समुद्री परिस्थितियों के कारण लौटते समय पलट गई।

पुलिस ने बताया कि नौका पर सवार अन्य मछुआरे तो तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन एंटनी लापता हो गए थे।

पुलिस कहा कि पुल्लुविला के निवासी जॉन (54) की तलाश अभी भी जारी है। उसने बताया कि 31 जुलाई की शाम विझिंजम तट से करीब 10 समुद्री मील दूर पर मछली पकड़ने वाली एक अन्य नौका के पलटने की दुर्घटना में जॉन लापता हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों मछुआरों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि 31 जुलाई की रात 52 दिनों का ट्रॉलिंग प्रतिबंध समाप्त होने के बाद मछली पकड़ने वाली नौकाओं ने फिर से परिचालन शुरू कर दिया।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन