रांची, 15 फरवरी (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले के एक प्रवासी मजदूर की सऊदी अरब में पिछले साल अक्टूबर में हुई हत्या के बाद उसका शव रांची हवाई अड्डे पर लाया गया, लेकिन उसके परिजन ने लंबित मुआवजे के कारण शव लेने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य प्रवासी नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम लीडर शिखा लाकड़ा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विजय कुमार महतो का शव लेने से पहले परिजन उस निजी कंपनी से मुआवजे की मांग कर रहे हैं जिसमें वह अरब देश में नौकरी करता था।
पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ के दौरान महतो की मौत हो गई थी।
लाकड़ा ने कहा, ‘‘चूंकि यह गोली लगने की घटना है, इसलिए मामला जेद्दा की अदालत में विचाराधीन है। अंतिम मुआवजा अदालत के फैसले पर निर्भर कर सकता है।’’
गिरिडीह के उपायुक्त राम निवास यादव ने कहा कि अधिकारी परिवार को अंतिम संस्कार करने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे।
भाषा यासिर रंजन
रंजन