मुथलापोझी नौका हादसे में लापता मछुआरे का शव बरामद, एक अन्य की तलाश जारी
मुथलापोझी नौका हादसे में लापता मछुआरे का शव बरामद, एक अन्य की तलाश जारी
तिरुवनंतपुरम, दो अगस्त (भाषा) तिरुवनंतपुरम के मुथलापोझी मुहाने के पास मछली पकड़ने वाली एक नौका के पलट जाने के बाद लापता हुए एक मछुआरे का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। वहीं, एक अन्य लापता मछुआरे की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, तटीय पुलिस, मत्स्य विभाग की ‘मरीन एन्फोर्समेंट विंग’ और भारतीय तटरक्षक बल के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान अंचुथेंगु निवासी फ्रीमोन (28) का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि शव मुथलापोझी से करीब 20 किलोमीटर दूर कन्ननथुरा तट के पास मिला।
अधिकारियों के मुताबिक, इसी हादसे में लापता हुए अंचुथेंगु निवासी शिजिन (32) की तलाश अबभी जारी है।
यह दुर्घटना 31 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे हुई थी, जब चार मछुआरों को ले जा रही नौका मुथलापोझी मुहाने से लगभग 100 मीटर की दूरी पर तेज लहरों की चपेट में आकर पलट गई थी।
उन्होंने बताया कि इनमें से दो मछुआरे, जोस और स्मिथ तैरकर सुरक्षित किनारे तक पहुंच गए, जबकि फ्रीमोन और शिजिन लापता हो गए।
घटना के बाद मछुआरों और लापता लोगों के परिजनों ने अंचुथेंगु तटीय पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर उनकी तलाश के लिए अभियान तेज करने की मांग की।
इसके बाद राज्य सरकार ने खोज अभियान में भारतीय नौसेना की सहायता लेने का फैसला किया।
इस बीच शनिवार को समुद्र में खराब मौसम के बीच विझिंजम तट के पास मछली पकड़ने वाली अलग-अलग नौकाएं दुर्घटनाग्रस्त हो गई थीं, जिसके बाद, वहां भी तलाश अभियान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल की सहायता से विझिंजम तटीय पुलिस पुल्लुविला के जॉन (54) और कोट्टुकल के एंटनी (63) की तलाश कर रही है।
रात समाप्त होने के बाद मछली पकड़ने वाली नौकाओं का परिचालन फिर से शुरू कर दिया।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


