कोलकाता, सात मार्च (भाषा) कोलकाता के उत्तरी हिस्से के पाइकपारा इलाके में शनिवार सुबह बंद पड़े क्लब के एक कमरे में बम विस्फोट हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि इस क्लब के भीतर दो-तीन कच्चे बम रखे हुए थे जो सुबह करीब 6:11 बजे फट गए जिससे इसकी टिन की छत क्लब से सटी इमारत की पांचवीं मंजिल पर जा गिरी।
उन्होंने कहा, ‘‘परिसर में कुल पांच से छह कच्चे बम पाए गए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया है। यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि ये बम वहां किसने और किस उद्देश्य से रखे थे।”
शनिवार सुबह तेज आवाज के कारण घनी आबादी वाले इस इलाके में दहशत फैल गई, लोग अपने घरों से बाहर निकलकर विस्फोट स्थल के पास जमा हो गए। बाद में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
स्थानीय निवासी रंगन देव ने कहा, ‘हमें संदेह है कि क्षेत्र में अशांति फैलाने के लिए उपद्रवियों द्वारा बमों को उस कमरे के भीतर रखा गया होगा, जहां सालों से लोगों का आना-जाना नहीं था।’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के कारण ये बम इलाके में तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण प्राप्त उपद्रवियों द्वारा रखे गए होंगे क्योंकि ‘पार्टी पश्चिम बंगाल में तेजी से कम होते अपने जनाधार से अवगत है।’
भट्टाचार्य ने कहा, ‘तृणमूल कांग्रेस मतदाताओं को डराकर और आतंकित करके वोट हासिल करना चाहती है क्योंकि वह निष्पक्ष मतदान से जीत नहीं सकती।’
इन आरोपों को खारिज करते हुए तृणमूल के प्रवक्ता तृणांकुर भट्टाचार्य ने कहा, “भाजपा एक ऐसी घटना के लिए तृणमूल पर आरोप लगा रही है जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्तर प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों की तुलना में कहीं बेहतर है।”
भाषा
प्रचेता गोला
गोला