धारवाड़/मांड्या (कर्नाटक), 16 फरवरी (भाषा) कर्नाटक उच्च न्यायालय की धारवाड़ पीठ और मांड्या की जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सोमवार को व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एहतियात के तौर पर धारवाड़ और मांड्या जिलों में अदालत परिसरों से वकीलों और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। सुरक्षा कर्मियों ने परिसर को घेर लिया और गहन जांच की।
धारवाड़ में पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य ने मौके पर पहुंचकर उच्च न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया और एहतियात के तौर पर भवन को खाली करा लिया।
पुलिस के अनुसार, बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा और जांच में सहयोग किया।
धारवाड़ में संवाददाताओं से बातचीत में आर्य ने कहा, “हम पूरी जांच कर रहे हैं। केवल हमारे कर्मी अंदर हैं। ईमेल संदेश में कहा गया है कि विस्फोट दोपहर एक बज कर पंद्रह मिनट पर होगा। हम अन्य विवरणों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। संदेश में विभिन्न राज्यों का भी उल्लेख है, इसलिए फिलहाल हम और जानकारी साझा नहीं कर सकते।”
मांड्या में भी बम धमकी वाले ईमेल के बाद अदालती कार्यवाही स्थगित कर दी गई। न्यायाधीशों, वकीलों और वादियों को परिसर से बाहर निकाला गया।
अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्ता और पुलिस संयुक्त रूप से गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं तथा जांच जारी है।
भाषा मनीषा अविनाश
अविनाश